– जीआईसी लोधिया के बच्चों की कक्षाएं भवन में हुईं शिफ्ट
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
अल्मोड़ा।जर्जर भवन में पढ़ाई करने को मजबूर राजकीय इंटर कॉलेज लोधिया के छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूल की कक्षाओं को अस्थायी रूप से नजदीकी फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट भवन में स्थानांतरित कर दिया है।
जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अंशुल सिंह ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 33, 34 और 65(1)(ई) के तहत शक्तियां का प्रयोग करते हुए यह फैसला लिया। आदेश जारी होते ही कक्षा 6 से 12 तक के शिक्षण कार्य को तुरंत एफसीआई परिसर में शुरू करा दिया गया, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने से बच गई।नया भवन बनने तक शिक्षण कार्य एफसीआई परिसर में ही संचालित होगा।
प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी रवि मेहता और खंड शिक्षा अधिकारी हरीश रौतेला ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। मुख्य शिक्षा अधिकारी को अधिग्रहित परिसर की सुरक्षा और सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। लंबे समय से बारिश और भवन की जर्जर स्थिति को लेकर चिंतित अभिभावकों ने प्रशासन के इस कदम की सराहना की है। जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया है कि जर्जर संरचना को हटाकर नए स्थायी भवन के निर्माण के लिए प्रक्रिया जारी है।




