अभियुक्त के कब्जे से पांच हजार रूपये बरामद
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली रुद्रपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के सख्त निर्देशों के अनुपालन में पुलिस टीम ने रोडवेज बस अड्डे के पास से एक नशा तस्कर को 14 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली रुद्रपुर पुलिस रोडवेज बस अड्डा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और निगरानी कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में देखा गया। पुलिस टीम ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास मौजूद 2 बैगों में रखे 14 बंडलों से कुल 14 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा अभियुक्त के कब्जे से एक मोबाइल फोन और 5,000 की नकदी भी जब्त की गई है।पकड़े गए अभियुक्त का नाम जोगेन्द्र कुमार निवासी ग्राम व पोस्ट जयपुर, थाना मेहंदिया, जिला अरवल, बिहार है।
पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ कोतवाली रुद्रपुर में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




