– 48 घंटे में हरदीप हत्याकांड का खुलासा
– हत्यारा निकला करीबी; पत्नी भी गिरफ्तार
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
काशीपुर। कुण्डा क्षेत्र में हुए हरदीप सिंह हत्याकांड का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी संदीप सिंह उर्फ सोना और उसकी पत्नी संदीप कौर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे रुपयों के लेन-देन को लेकर विवाद सामने आया है। वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्टल, खोखा कारतूस और आरोपी की कार भी बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक 13 सितंबर को रजविन्दर कौर निवासी गुलजारपुर, काशीपुर ने सूचना दी थी कि उनके पुत्र हरदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि संदीप सिंह ने अपनी पत्नी और हरदीप की मां की मौजूदगी में उसे गोली मारी थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरागरसी-पतारसी के साथ संदिग्धों से पूछताछ तथा वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। पुलिस का दावा है कि लगातार की गई जांच के बाद 48 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों
संदीप सिंह उर्फ सोना और उसकी पत्नी संदीप कौर निवासी गौरा फार्म, कुण्डा को गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में पुलिस को हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने और नष्ट करने की कोशिश में संदीप कौर की भूमिका भी सामने आने की बात कही गई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 238, 61(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 30 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी संदीप सिंह की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्टल, खोखा कारतूस और कार बरामद की गई है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।




