– महिलाओं की सुरक्षा को लेकर रुद्रपुर में कांग्रेस का धरना
– आंबेडकर प्रतिमा के समक्ष प्रदर्शन, कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर लगाए महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर आरोप
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध और अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को रुद्रपुर मुख्य बाजार स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि उत्तराखंड में महिला अपराध गंभीर चिंता का विषय बने हुए हैं। उन्होंने सरकार पर महिलाओं के खिलाफ अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाने का आरोप लगाया।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों पर बिना राजनीतिक भेदभाव के कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड समेत महिलाओं से जुड़े मामलों में पीड़ित परिवारों को न्याय मिलना जरूरी है। सरकार को महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने महिलाओं से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई और दोषियों को सजा दिलाने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए कहा कि घटना को चार वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन परिवार को अब भी पूर्ण न्याय का इंतजार है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मामले में निष्पक्ष जांच और कथित वीआईपी एंगल से जुड़ी कार्रवाई को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। पार्टी नेताओं ने कहा कि महिलाओं और बेटियों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर उनका संघर्ष जारी रहेगा।
धरने में पार्षद बाबू साहब, जकी रजा, अलका पाल, दिनेश पंत, सुनील चुघ, पवन बिष्ट, राजवीर सिंह विर्क, ममता हाल्दार, इंदुमान, गोपाल भसीन, बाबू खान, जितेंद्र सरस्वती, सरोज शर्मा, ज्योति टम्टा, सुशील बत्रा, चेतन मांगट, रामकुमार गुप्ता, रंजीत तिवारी, कुंदन टम्टा, प्रदीप यादव, मुशर्रफ हुसैन, बबलू सागर, सद्दाम पाशा, आसीत बाला, राधेश्याम बंसल, राजू सागर, उमा सरकार, जमुना प्रसाद कोली, आबिद हुसैन, सतीश कुमार, जयदेव मिस्त्री, उमर खान, दिनेश कोली, मोहन कुमार, फरमान सिद्दीकी, शिवम सागर और फैज राज खान समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।




