बेटी से छेड़छाड़ का विरोध… फिर सिर पर वार और पिता की मौत

– दो नामजद आरोपी सगे भाई भेजे गए जेल

– 27 सितंबर की घटना के बाद 28 सितंबर को हुई थी रोहित की मौत

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

खटीमा। खेतलसंडा खाम में पानी लेने गई युवती से छेड़छाड़ के विरोध के बाद हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। युवती के पिता रोहित के सिर पर चारपाई की पाटी से वार किए जाने के बाद उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मामले में नामजद दोनों आरोपियों को खटीमा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर को खेतलसंडा खाम स्थित सरकारी नल के पास युवती पानी लेने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान उसके साथ छेड़छाड़ की गई। युवती के पिता रोहित ने इसका विरोध किया तो संजय और सुभाष ने उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि संजय ने चारपाई की पाटी से रोहित के सिर पर वार कर दिया।

गंभीर रूप से घायल रोहित को उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में ले जाया गया, लेकिन 28 सितंबर सुबह करीब नौ बजे उपचार के लिए ले जाते समय उनकी मौत हो गई थी। पुलिस ने कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया था

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ सुरागरसी-पतारसी शुरू की। पुलिस के मुताबिक, 29 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुराने रेलवे फाटक, खेतलसंडा के पास से दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुभाष (33) और उसके भाई संजय (35), निवासी खेतलसंडा खाम, खटीमा के रूप में हुई है। दोनों को 30 सितंबर को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है। विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

 

 

छेड़छाड़ का विरोध… फिर सिर पर वार और मौत!खटीमा में हत्या के दोनों आरोपी गिरफ्तार

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement