– छापा मारने पहुंची वन विभाग की टीम पर धारदार हथियारों से हमला, वन दरोगा जख्मी
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
बाजपुर। लकड़ी तस्करी की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची वन विभाग की संयुक्त टीम पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। बुधवार देर रात हुई इस घटना में वन दरोगा सुरेंद्र सिंह घायल हो गए। उन्हें सरकारी अस्पताल में उपचार दिलाया गया। टीम ने मौके से सागौन और खैर की लकड़ी बरामद की, जबकि हमलावर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर रुद्रपुर के रेंजर लक्ष्मण सिंह बिष्ट के नेतृत्व में रुद्रपुर और बाजपुर वन विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार रात करीब 12 बजे बाजपुर के पहाड़ी कॉलोनी स्थित एक गोदाम पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद लकड़ी तस्करों ने टीम पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इसमें वन दरोगा सुरेंद्र सिंह घायल हो गए। सूचना पर पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। वन विभाग की टीम ने गोदाम से सागौन और खैर की लकड़ी बरामद की। हालांकि, आरोपी मौके से भागने में सफल रहे।
घायल वन दरोगा का सरकारी अस्पताल में उपचार कराया गया। खबर लिखे जाने तक मामले में पुलिस को तहरीर नहीं दी गई थी। तहरीर मिलने के बाद पुलिस की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।




