– विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे होने की कही बात
– बोले- पार्टी का फैसला सर्वोपरि, कालाढूंगी में जनसेवा जारी रखने का दावा
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
कालाढूंगी। भाजपा के वरिष्ठ नेता और कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं पर उन्होंने खुद विराम लगाने की कोशिश की है। कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र से आगामी चुनाव लड़ने से इनकार करने की खबरों को उन्होंने पूरी तरह निराधार बताया है। भगत ने स्पष्ट किया कि वह चुनाव लड़ने से पीछे नहीं हटे हैं और क्षेत्र में जनसंवाद, जनसेवा तथा विकास कार्यों के लिए लगातार सक्रिय हैं।
बंशीधर भगत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर कहा कि उनके चुनाव लड़ने से मना करने की खबर में कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने दावा किया कि वह पूरी मेहनत और समर्पण के साथ कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में काम कर रहे हैं और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं।
भगत ने भाजपा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि वह पार्टी के समर्पित और अनुशासित कार्यकर्ता हैं। पार्टी की विचारधारा और संगठन की मजबूती के लिए काम करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने साफ किया कि आगामी चुनाव को लेकर पार्टी जो भी निर्णय लेगी, वह उसे सहर्ष स्वीकार करेंगे।
उनके इस बयान को चुनाव से पहले अपनी राजनीतिक सक्रियता और पार्टी के प्रति निष्ठा स्पष्ट करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही खबरों के पीछे किसका हाथ है या ये चर्चाएं कहां से शुरू हुईं, इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी।
बंशीधर भगत ने कहा कि उनके लिए राजनीति का अर्थ केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याएं सुनना और समाधान के लिए प्रयास करना है। उन्होंने जनता की सेवा और कालाढूंगी के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव लड़ने से इनकार की चर्चाओं के बीच भगत का यह बयान अहम है। एक ओर उन्होंने चुनाव लड़ने से पीछे हटने की अटकलों को खारिज किया, वहीं दूसरी ओर टिकट को लेकर पार्टी के फैसले को सर्वोपरि बताकर संगठन के प्रति अपना रुख भी स्पष्ट कर दिया।




