– कांग्रेस की चाटुकारिता में मर्यादा भूले ठुकराल
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रूद्रपुर। भाजपा विधायक शिव अरोरा ने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल द्वारा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ इस्तेमाल की गई भाषा पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजदारी और चाटुकारिता में वे शब्दों की मर्यादा पूरी तरह भूल चुके हैं। एक चुने हुए मुख्यमंत्री के खिलाफ तू-तड़ाक की भाषा का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
मंगलवार को अपने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध का स्वागत है, लेकिन व्यक्तिगत हताशा में मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करना मानसिक दिवालियापन को दर्शाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के खिलाफ बिना आधार के आपत्तिजनक आरोप लगाना सार्वजनिक जीवन की गरिमा के खिलाफ है।
कहा कि श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में ऐतिहासिक योगदान देने वाली विश्व हिंदू परिषद पर टिप्पणी करना एक वर्ग विशेष को खुश करने का प्रयास है। हल्द्वानी रामलीला मैदान में लगे धार्मिक नारों के समय पूर्व विधायक की चुप्पी उनके दोहरे राजनीतिक चरित्र को उजागर करती है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा कांवड़ यात्रा और गंगा स्नान को लेकर दिए गए बयानों की निंदा करते हुए उन्होंने पूछा कि क्या कांग्रेस अन्य धर्मों की आस्था पर ऐसा बोलने का साहस दिखा सकती है?
शिव अरोरा ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में रुद्रपुर लगातार प्रगति कर रहा है। मोदी मैदान में 23.32 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक खेल स्टेडियम की स्वीकृति और शहर के लिए मास्टर ड्रेनेज प्लान जैसे कार्य इसके प्रत्यक्ष प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि जनता विकास और बयानबाजी के बीच का अंतर अच्छी तरह समझती है।




