


प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने मेयर विकास शर्मा के प्रस्ताव को दी हरी झंडी
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। युवाओं को डिजिटल शिक्षा और तकनीकी कौशल से जोड़ने की दिशा में नगर निगम को एक बड़ी सफलता मिली है। शहर के आर्थिक रूप से कमजोर और मेधावी छात्र-छात्राओं को अब महानगरों जैसी आधुनिक डिजिटल सुविधाएं अपने ही शहर में उपलब्ध होंगी। नगर निगम क्षेत्र की ई-लाइब्रेरी में अत्याधुनिक आईटी एवं डिजिटल साक्षरता लैब स्थापित करने की पहल को गति मिल गई है।
मंगलवार को जिले के प्रभारी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री प्रदीप बत्रा के रुद्रपुर आगमन पर महापौर विकास शर्मा ने उन्हें इस संबंध में एक विस्तृत प्रस्ताव सौंपा। मंत्री प्रदीप बत्रा ने इस जनहितैषी पहल की सराहना करते हुए तुरंत सचिव (सूचना प्रौद्योगिकी) को आवश्यक कार्रवाई के लिखित निर्देश जारी कर दिए हैं।
महापौर के प्रस्ताव के अनुसार, इस डिजिटल साक्षरता लैब में युवाओं के भविष्य को संवारने के लिए हर जरूरी इंतजाम किए जाएंगे। लैब में 50 नवीनतम कंप्यूटर छात्रों के अभ्यास और ऑनलाइन पढ़ाई के लिए होंगे। हाई-स्पीड इंटरनेट में बिना किसी रुकावट के ई-लर्निंग और कोडिंग नौजवान सीखेंगे। युवाओं को कंप्यूटर और डिजिटल साक्षरता की प्रोफेशनल ट्रेनिंग देने के लिए गाइड होंगे। ऑनलाइन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, कंप्यूटर कोर्स और ई-लर्निंग के विशेष सत्र होंगे।
महापौर विकास शर्मा ने बताया कि रुद्रपुर उत्तराखंड का एक तेजी से उभरता हुआ औद्योगिक शहर है। यहाँ बड़ी संख्या में युवा प्रतियोगी परीक्षाओं और तकनीकी शिक्षा की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि, आर्थिक तंगी के कारण कई मेधावी छात्र कंप्यूटर और इंटरनेट जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं। यह लैब ऐसे ही प्रतिभावान युवाओं के सपनों को उड़ान देगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड डिजिटल सशक्तिकरण की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहा है। यह परियोजना केंद्र सरकार के ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘स्किल इंडिया’ अभियान को जमीनी स्तर पर रुद्रपुर में मजबूत करेगी।

