साइबर ठगों ने क्रेडिट कार्ड से उड़ाए 1.39 लाख रुपये

पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। कोतवाली क्षेत्र से साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां बिगवाड़ा में एक व्यक्ति के क्रेडिट कार्ड से जालसाजों ने 1.39 लाख की बड़ी रकम पार कर दी। पीड़ित के मोबाइल पर जब ट्रांजैक्शन का मैसेज आया, तब उसे इस ठगी की भनक लगी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, देव होम्स, बिगवाड़ा निवासी सुरेंद्र पाठक का आईसीआईसीआई बैंक में क्रेडिट कार्ड है। बीते 25 जून को अचानक उनके मोबाइल पर एक के बाद एक मैसेज आए, जिसमें उनके क्रेडिट कार्ड से 1.39 लाख रुपये का अनाधिकृत और गलत लेन-देन (अनऑथराइज्ड ट्रांजैक्शन) होने की बात लिखी थी। भारी-भरकम राशि कटने का मैसेज देखते ही उनके होश उड़ गए।

मैसेज आने के तुरंत बाद पीड़ित सुरेंद्र पाठक बैंक पहुंचे और अधिकारियों से संपर्क किया। बैंक रिकॉर्ड की जांच करने पर आधिकारिक तौर पर पुष्टि हुई कि उनके खाते से वाकई यह लेन-देन किया गया है। साइबर पोर्टल पर शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस

ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार होने के बाद पीड़ित ने तुरंत इस पूरे प्रकरण की शिकायत भारत सरकार के साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज कराई। इसके बाद मामले की लिखित तहरीर स्थानीय कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस ने तहरीर को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement