रुद्रपुर में पेयजल संकट पर महापौर का कड़ा रुख

अमृत योजना के तहत मिलेंगे मुफ्त कनेक्शन, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। गर्मी के आगाज के साथ ही  शहर में संभावित पेयजल संकट से निपटने के लिए महापौर विकास शर्मा ने मोर्चा संभाल लिया है। बुधवार को नगर निगम कार्यालय में जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में महापौर ने स्पष्ट किया कि पेयजल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पायलट प्रोजेक्ट के तहत इन क्षेत्रों को राहत महापौर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘अमृत योजना’ के तहत रमपुरा, संजय नगर खेड़ा और सुभाष कॉलोनी को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर चुना गया है। इन क्षेत्रों के निवासियों को स्वच्छ पेयजल के लिए नए पानी के कनेक्शन पूरी तरह से निःशुल्क दिए जाएंगे, जिसका खर्च नगर निगम वहन करेगा। 750 फीट की गहराई से निकाला जा रहा यह जल गुणवत्ता में सर्वश्रेष्ठ है।

उन्होंने बताया कि निगम कार्यालय में ही होगा शिकायतों का समाधान जनता की सुविधा के लिए अब प्रत्येक सोमवार को जल संस्थान के जेई नगर निगम कार्यालय में मौजूद रहेंगे। इससे नए कनेक्शन की फाइलों का निस्तारण तेजी से होगा। साथ ही, जल्द ही एक टोल-फ्री नंबर भी जारी किया जाएगा ताकि लोग सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सकें। शहर के शेष 26 वार्डों में नई पाइपलाइन के लिए भारत सरकार ने 196 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट मंजूर कर दिया है, जिसके टेंडर जल्द होंगे।

उन्होंने कहा कि जो लोग व्यक्तिगत कनेक्शन नहीं ले सकते, उनके लिए वार्डों में फ्री स्टैंड पोस्ट लगाए जाएंगे। भीषण गर्मी में पशुओं के लिए जगह-जगह पानी के टब रखवाए जाएंगे। पाइप लाइन खराब होने पर नगर निगम और जल संस्थान आपसी तालमेल से तुरंत मरम्मत करेंगे।

बैठक में नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे सहित जल संस्थान और जल निगम के वरिष्ठ अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement