विधायक ने अपने बेटे की करतूत पर मांगी माफी, संबंध तोड़े
न्यूज एंड नॉक संवाददाता, रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के बेटे और पार्षद सौरभराज बेहड़ पर हुए हमले कर खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार सौरभ ने दोस्त की मदद से खुद पर हमला कराया था। पुलिस ने तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से असलहे बरामद किए हैं। इधर विधायक ने अपने बेटे की करतूत सामने आने के बाद उससे सारे सम्बन्ध तोड़ दिए है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बृहस्पतिवार को बताया कि 21 जनवरी की रात ट्रांजिट कैम्प थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान सिडकुल रोड, नई बस्ती मोड़ के पास बिना नंबर प्लेट मोटरसाइकिल से आ रहे तीन युवको को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर तीनों भागने लगे और इस दौरान उनकी मोटरसाइकिल फिसलने से गिर गई। पुलिस ने तीनों को मौके पर दबोच लिया। आरोपियों में वंश कुमार (20 वर्ष), निवासी घासमंडी, रुद्रपुर, बादशाह, निवासी घासमंडी आदर्श कॉलोनी, रुद्रपुर, दीपक सिंह (21 वर्ष), निवासी नारायण कॉलोनी, ट्रांजिट कैम्प शामिल रहे।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे (12 व 315 बोर),एक जिंदा कारतूस,एक नाजायज चाकू बरामद किए। आरोपियों के विरुद्ध धारा 3/4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पूछताछ में सामने आया चौंकाने वाला सच
रुद्रपुर। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने घटना का खुलासा किया। बताया कि हमले की पूरी साजिश सौरभ बेहड़ और इंदर नारंग द्वारा रची गई थी। पारिवारिक विवाद के चलते सहानुभूति पाने के लिए सौरभ बेहड़ ने खुद पर हमला करवाने की योजना बनाई गई और उसने इन्दर नारंग को साजिश में शमिल कर उससे हमला कराने का प्लान तैयार करने को कहा था।
मास्टरमाइंड इंदर नारंग का कबूलनामा
रुद्रपुर। अभियुक्त इंदर नारंग ने बताया कि 18 जनवरी को सौरभ बेहड़ ने उसे अपने घर बुलाया था। सौरभ ने खुद कहा कि वह पत्नी से चल रहे विवाद के कारण खुद को पिटवाना चाहता है। इंदर नारंग ने वंश और बादशाह को बुलाकर पूरी योजना समझाई और पहचान छुपाने के लिए चेहरा ढकने और बाइक की नंबर प्लेट हटाने को कहा था। घटना के समय इंदर नारंग अपनी वैगनार कार से हमलावरों के पीछे-पीछे चल रहा था,भीड़ अधिक होने पर स्थान बदलकर शिव शक्ति पीजी गेट के पास हमला कराया गया । घटना के बाद आरोपियों को भगाने में भी भूमिका निभाई । हमले के बाद आरोपी सिडकुल-नैनीताल रोड की ओर भागे मोटरसाइकिल को मोटरसाइकिल को धरमपुर,थाना पंतनगर में छिपाई गयी थी। तीनों आरोपियों को वैगनार कार से सुरक्षित उनके इलाके तक छोड़ा गया व मोटरसाइकिल भी बरामद की गयी ।
विधायक ने बेटे के तोड़ दिया सम्बन्ध
रुद्रपुर। विधायक तिलकराज बेहड़ ने घटना को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि बेटे ने अपने ऊपर हमला कराया था। वे अपने बेटे से सारे सम्बन्ध खत्म कर रहे हैं। उन्होंने हाथ जोड़कर लोगों से रुंधे गले से माफी मांगी। कहा कि बेटे ने उनकी बदनामी कराई है। वे उसे कभी माफ नहीं
कर सकते।

