10 सितंबर को रुद्रपुर पहुंचेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन

– सांसद अजय भट्ट ने ली पंजाबी गौरव सम्मेलन की तैयारियों का जायजा

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। आगामी 10 सितंबर को शहर के आर्क होटल में आयोजित होने वाले पंजाबी गौरव सम्मेलन की तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। मंगलवार को सांसद अजय भट्ट ने भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, महापौर विकास शर्मा और अन्य पार्टी पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा और अतिथियों के स्वागत से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा और संबंधित पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सांसद अजय भट्ट ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की मौजूदगी में होने वाला यह सम्मेलन ऐतिहासिक होगा। उन्होंने कहा कि विस्थापन और विभाजन की त्रासदी सहने के बाद भी पंजाबी समाज ने अपने पुरुषार्थ और राष्ट्रभक्ति से देश और तराई क्षेत्र के विकास में अग्रणी भूमिका निभाई है।

महापौर विकास शर्मा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का रुद्रपुर आगमन हम सभी के लिए गौरव का विषय है। पंजाबी समाज ने रुद्रपुर और पूरे तराई क्षेत्र को संवारने तथा यहां के व्यापार, उद्योग और सामाजिक विकास को गति देने में अहम योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाबी गौरव सम्मेलन के माध्यम से समाज के योगदान और संघर्ष को सम्मान देने के साथ नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली विरासत से जोड़ने का भी संदेश जाएगा। सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता पूरे उत्साह और समर्पण के साथ जुटे हुए हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि सम्मेलन की सभी प्रमुख तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कार्यक्रम से जुड़ी अलग-अलग व्यवस्थाओं के लिए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि उन्हें जो भी दायित्व मिला है, उसका पूरी गंभीरता, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ निर्वहन करें, ताकि बाहर से आने वाले अतिथियों और समाज के लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सम्मेलन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।

कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के दौरान जिला महामंत्री तरुण दत्ता, जिला कोषाध्यक्ष रोशन अरोड़ा, धीरेन्द्र मिश्रा, विपिन जल्होत्रा, हिमांशु शुक्ला, जिला मंत्री प्रमोद मित्तल, राकेश सिंह, मोर सिंह, राजेश तिवारी, अक्षय अरोड़ा, विजय तोमर, अक्षय गहलोत, श्रीकांत राठौर, गुन्नू चौधरी, सुरेश कोहली, मयंक तिवारी एवं सुनील ठुकराल , राजेश तिवारी, राजन राठौर, योगेश वर्मा,रचित सिंह,सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

 

 

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement