स्कॉर्पियो का कहर! स्कूटी सवार युवकों को रौंदा, राड से जानलेवा हमला

बीजेपी मंडल महामंत्री, भाई सहित अन्य पर मुकदमा दर्ज

– घायल के परिजनों ने किया कोतवाली में हंगामा

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। काशीपुर फ्लाईओवर पर शुक्रवार की देर रात बीजेपी नेता की स्कॉर्पियो गाड़ी ने जमकर तांडव मचाया। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते बीजेपी नेता के भाई ने योजनाबद्ध तरीके से स्कूटी सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मारी और फिर लोहे की राड से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से गुस्साए वाल्मीकि समाज के सैकड़ों लोगों ने रुद्रपुर कोतवाली का घेराव कर जमकर हंगामा काटा। पुलिस ने बीजेपी मंडल महामंत्री पारस चुघ, उसके भाई सन्नी सहित अन्य पर मुकदमा दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, गांधी कॉलोनी निवासी अभिषेक वाल्मीकि और जतिन कुमार अपनी स्कूटी से फ्लाईओवर पर घूमने निकले थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो (UK 06 BR 0018) सवार सन्नी चुघ (भाजपा नेता पारस चुघ का भाई) ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। परिजनों का आरोप है कि एक्सीडेंट के बाद सड़क पर लहूलुहान पड़े युवकों पर लोहे की राड से सिर पर कई वार किए गए। इसके बाद भाजपा नेता पारस चुघ भी अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए पीड़िता पक्ष को धमकाया।

हादसे में गंभीर रूप से घायल अभिषेक को नाजुक हालत के चलते बरेली रेफर किया गया है, जबकि जतिन की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है। कोतवाली में घेराव के दौरान अभिषेक की मां हाथ जोड़कर रोती-बिलखती नजर आई। उन्होंने बताया कि पति की मौत के बाद अभिषेक ही तीन बहनों का इकलौता भाई और परिवार का सहारा है। मां ने रोते हुए चेतावनी दी कि यदि अभियुक्तों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो वह कोतवाली के बाहर आत्मदाह कर लेगी।

—

सफाई व्यवस्था ठप करने और शहर सड़ाने की चेतावनी

पर्यावरण मित्र यूनियन के शाखा अध्यक्ष सोनू मुलतानी ने कहा कि घायलों के परिजन नगर निगम में पर्यावरण मित्र हैं। अगर पुलिस ने सत्ता के दबाव में आकर सख्त कार्रवाई नहीं की, तो रुद्रपुर नगर निगम की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप कर दी जाएगी और शहर को सड़ा दिया जाएगा। सीओ सदर विभव सैनी ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरी ओर, भाजपा नेता पारस चुघ ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए घटना को एक महज हादसा करार दिया है। उनका दावा है कि उन्होंने खुद पुलिस की मौजूदगी में घायलों को अस्पताल पहुंचाया था।

 

स्कॉर्पियो का कहर! स्कूटी सवार युवकों को रौंदा, राड से जानलेवा हमला

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement