पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने ग्रामीण के हाथ से छीना माइक, शांतिपूरी में लगा था शिविर
न्यूज एंड नॉक संवाददाता, किच्छा। प्रशासन की ओर से शांतिपूरी इंटर कॉलेज में जन जन की सरकार, जन जन के द्वार कार्यक्रम में लावारिश पशुओं को लेकर हंगामा हो गया। इसी बीच एक लावारिश सांड शिविर परिसर में घुस गया। जिससे वहां अफरा तफरी मच गई। जैसे तैसे उसे शिविर से बाहर कर शिविर को सुचारू रूप से चलाया गया।
बृहस्पतिवार को शांतिपुरी में प्रशासन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने लावारिश पशुओं से निजात दिलाने की मांग की। एक युवक समस्या रख रहा था कि कार्यक्रम में मौजूद किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने स्थानीय व्यक्ति से माइक छीन लिया। माइक छिनते ही शिविर में हंगामा शुरू हो गया। तभी एक गोवंशीय पशु शिविर में आ धमका। इससे शिविर में अफरा तफरी मच गई। इसके बाद शिविर में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चैक, महालक्ष्मी किट, टूल किट, प्रमाण पत्र आदि वितरित किए गए ,साथ ही रीप योजना के अंतर्गत 04 महिलाओं को ई रिक्शा वाहन वितरित किए। व हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। शिविर में अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा मौके पर आवेदन प्राप्त कर पंजीकरण किए गए व अनेक पात्र लाभार्थियों को तत्काल लाभान्वित भी किया गया। शिविर में 24 विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारियां दी गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क जाँच कर मरीजों को दवा वितरित की गई। शिविर में 2038 लोगों को विभिन्न विभागों की योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
अपर जिलाशिकारी पंकज उपाध्याय ने कहा कि जन जन की सरकार जन जन के द्वार शिविर में आई समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने निर्देश अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा जनपद के हर तहसील में निराश्रित गौवंश के आश्रय हेतु गौशालाओं का निर्माण किया जा रहा है शीघ्र समस्या का समाधान किया जाएगा।

