
लोगों को मिलेगी जलभराव की समस्या से निजात
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। तीनपानी डेम के पुननिर्माण के लिए बजट जारी होने पर स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। वार्ड नंबर एक के लोगों ने पार्षद पवन राणा के नेतृत्व में महापौर विकास शर्मा और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला का स्वागत किया।
बृहस्पतिवार को हुए कार्यक्रम में महापौर शर्मा ने कहा कि फुलसूंगा वार्ड एक स्थित तीनपानी डेम पर जल निकासी दुरुस्त नहीं होने के कारण बरसात में पानी ओवर फ्लो होने से आसपास की कई कालोनियों में जल भराव के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। सितंबर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर इस समस्या को प्रमुखता से उठाकर डैम के पुननिर्माण का आग्रह किया था। जिस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत मामले में जिलाधिकारी को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिये थे।
जिला प्रशासन से प्रस्ताव मिलने के बाद शासन ने डेम निर्माण के लिए राज्य सैक्टर पोषित बांध बैराज का निर्माण एवं आधुनिकीकरण, नहर, नलकूप, जल टंकी पुनरोद्धार मद के तहत एक करोड़ 74 लाख 81 हजार की धनराशि स्वीकृत कर दी है। पहली किश्त के रूप में एक करोड़ 4 लाख 89 हजार की धनराशि सिंचाई विभाग को जारी कर दी है।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि तीनपानी डेम पुननिर्माण को जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे हजारों लोगों को राहत मिलेगी। इस अवसर पर भाजपा नेता सुरेश कोली, जिला मीडिया प्रभारी विजय तोमर, छात्र नेता चंदन भट्ट, रोहित भट्ट, सुरेश गौरी, पूर्व पार्षद राम सिंह बिष्ट, कार्यालय मंत्री सुनील यादव, अखिलेश सिंह, हरिओम गंगवार, अनिल शर्मा, आर्यन शर्मा समेत कई लोग मौजूद रहे।


