
एसएसपी अजय गणपति ने बनाया त्वरित कार्यवाही दल
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, ऊधमसिंहनगर। जिले में घरेलू गैस (LPG) की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने और अवैध रिफिलिंग पर लगाम लगाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। एसएसपी अजय गणपति ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं
उन्होंने जिलाधिकारी के आदेश पर जिले के प्रत्येक क्षेत्र में एक ‘त्वरित कार्यवाही दल’ (Quick Response Team – QRT) का गठन किया गया है। इस टीम में उप जिलाधिकारी (अध्यक्ष), पुलिस क्षेत्राधिकारी, खाद्य विभाग के अधिकारी, नगर निकाय के अधिकारी रहेंगे।यह विशेष टीम गैस एजेंसियों और गोदामों का नियमित और आकस्मिक (Surprise Inspection) निरीक्षण करेगी।
गैस गोदामों पर पुलिस का कड़ा पहरा
एसएसपी ने प्रत्येक गैस गोदाम पर एक पुलिस कर्मी और एक राजस्व कर्मी/पटवारी की तैनाती सुनिश्चित की है। ये कर्मी दो शिफ्टों (सुबह 7 से दोपहर 1 और दोपहर 1 से शाम 7 बजे तक) में ड्यूटी पर तैनात रहकर वितरण व्यवस्था पर नज़र रखेंगे।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी ‘डिजिटल’ स्ट्राइक
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर गैस की किल्लत या वितरण को लेकर भ्रामक अफवाहें फैलाने वाले शरारती तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की साइबर सेल ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्यवाही करेगी।
एसएसपी ने कहा कि हमारी प्राथमिकता आम जनता को बिना किसी असुविधा के आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराना है। अवैध रिफिलिंग और कालाबाजारी में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज किया जाएगा।


