


खटीमा के इस्लामनगर का रहने वाला है अभियुक्त, हिंदू संगठन ने किया था विरोध
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह मामला दूसरे धर्म का युवक द्वारा अपनी पहचान छिपाकर महिला से दोस्ती करने से जुड़ा है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को ‘डायल 112 पर एक महिला ने सूचना दी कि एक युवक उससे हिंदू बनकर बात करता था, लेकिन असल में वह दूसरे समुदाय का निकला। उक्त युवक महिला के घर पहुँच गया था, जिसे देख मोहल्ले में भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही उप-निरीक्षक कीर्ति भट्ट, हेड कांस्टेबल किशोर कुमार और कांस्टेबल दिनेश ध्यानी के साथ मौके पर पहुँचे। वहां बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा थी, जो युवक के साथ गहमागहमी और हाथापाई कर रही थी।
युवक की पहचान सोहेल (19 वर्ष) पुत्र सरफराज, निवासी इस्लामनगर (खटीमा) के रूप में हुई थी। जिसको मामूली चोटें आईं थी। पुलिस के समझाने पर भी वह उत्तेजित होकर विवाद करने लगा। क्षेत्र में सांप्रदायिक सौहार्द और कानून व्यवस्था न बिगड़े, इसे देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सोहेल को धारा 170 BNSS के तहत हिरासत में ले लिया।

