


किच्छा में कारोबारी के घर पर हुई लाखों की चोरी का खुलासा
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। किच्छा पुलिस ने आवास विकास कॉलोनी में एक बंद घर में हुई लाखों की चोरी का खुलासा करते हुए अंतरजनपदीय गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात और नकदी बरामद की है। पुलिस को खुलासे के लिए 500 सीसीटीवी कैमरों खंगालना पड़ा।
रविवार को पुलिस कार्यालय में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि बीते 19 अप्रैल 2026 की रात को किच्छा की आवास विकास कॉलोनी में राजेंद्र कुमार गोयल के बंद मकान को निशाना बनाकर चोरों ने जेवरात और नकदी पार कर दी थी। इस मामले के खुलासे के लिए विशेष टीमों का गठन किया था। पुलिस टीम ने किच्छा, रुद्रपुर, बहेड़ी, बरेली, रामपुर और सितारगंज जैसे क्षेत्रों के लगभग 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नौ मई को सितारगंज के केशवनगर से तीनों अभियुक्तों दीपक गुप्ता उर्फ जगदीश गुप्ता निवासी बहेड़ी, बरेली और हाल निवासी सितारगंज, अकील अहमद निवासी खटीमा और दीपक रस्तोगी उर्फ लड्डू निवासी शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश को धर दबोचा।
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से पुलिस ने को चोरी सोने से 389 ग्राम के आभूषण, चांदी के तीन किलो 417 ग्राम के आभूषण और 3,00,485 रूपये बरामद किए है। इसके साथी ही घटना में प्रयुक्त यामाहा एफजेड मोटरसाइकिल, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, आला नकब (ताला तोड़ने का औजार) और कपड़े बरामद हुए हैं।
गिरोह का मुख्य सरगना दीपक गुप्ता एक शातिर और आदतन अपराधी है। उसके विरुद्ध उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में 18 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें चोरी, नकबजनी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसी धाराएं शामिल हैं।

