बिजली विभाग की टीम को झेलना पड़ा भारी विरोध

Share News

रुद्रपुर के विवेकानगर में पूर्व विधायक ठुकराल ने अधिकारियों को सुनाई खरी-खोटी

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के विवेक नगर में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची विद्युत विभाग की टीम को स्थानीय जनता के जबरदस्त विरोध का सामना करना पड़ा। एसडीओ अनु मदान के नेतृत्व में पहुंची टीम को बिना मीटर लगाए ही बैरंग वापस लौटना पड़ा। इस हंगामे के दौरान मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भी जनता का समर्थन करते हुए विभागीय अधिकारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को विद्युत विभाग की तकनीकी टीम ट्रांजिट कैंप के विवेक नगर इलाके में स्मार्ट मीटर इंस्टॉल करने पहुंची थी। जैसे ही टीम ने काम शुरू करने का प्रयास किया, स्थानीय निवासी लामबंद हो गए। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। जनता का आरोप था कि स्मार्ट मीटरों के नाम पर आम उपभोक्ताओं का आर्थिक शोषण करने की तैयारी की जा रही है।

विरोध प्रदर्शन और हंगामे की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी विवेक नगर पहुंच गए। उन्होंने मौके पर मौजूद एसडीओ अनु मदान और अन्य अधिकारियों से सीधे बात करते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने के मामले में भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और विभाग को समान नीति अपनानी चाहिए। कहा कि पहले भाजपा नेताओं, रसूखदार जनप्रतिनिधियों और बड़े पूंजीपतियों के घरों में ये स्मार्ट मीटर लगाए जाएं, उसके बाद ही आम जनता के घरों का रुख किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का किसी भी सूरत में उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। काफी देर तक चली तीखी बहस, हंगामे और जनता के आक्रोश को देखते हुए आखिरकार विद्युत विभाग को बैकफुट पर आना पड़ा और अधिकारियों ने फिलहाल मीटर लगाने का काम रोक दिया। इसके बाद टीम वहां से रवाना हो गई।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *