रुद्रपुर के बागवाला में गरीबों के सपनों का घर तैयार

सीएम धामी 1872 अत्याधुनिक पीएम आवास की जल्द सौंपेंगे लाभार्थियों को चाबियां

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सबसे महत्वाकांक्षी योजना हर गरीब को पक्का मकान के तहत रुद्रपुर के बागवाला में गरीबों के सपनों का आशियाना बनकर तैयार हो।रहे हैं।   विधायक शिव अरोरा ने जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जयकिशन और  टीम के साथ निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास योजना का स्थलीय निरीक्षण किया। विधायक ने कहा कि बहुत जल्द एक भव्य कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा लाभार्थियों को उनके घरों की चाबियां सौंपी जाएंगी।

शुक्रवार को निर्माणाधीन प्रोजेक्ट के निरीक्षण के बाद विधायक ने कहा कि वर्ष 2023 में मेरे प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस योजना को मंजूरी दी थी। भूमि हस्तांतरण से लेकर निर्माण तक की सभी प्रक्रियाओं को रिकॉर्ड ढाई साल के भीतर पूरा कर लिया गया है। यह पीएम मोदी और सीएम धामी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। इतने कम समय में इतनी बड़ी योजना का पूरा होना रुद्रपुर के इतिहास में एक कीर्तिमान है।

उन्होंने आगे कहा कि प्राधिकरण द्वारा सभी 1872 मकानों का लॉटरी के जरिए पूर्ण पारदर्शिता के साथ अलॉटमेंट (आवंटन) भी कर दिया गया है। एक-दो ब्लॉक में फिनिशिंग का काम अंतिम चरण में है, जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। इन मकानों के निर्माण में कंक्रीट और सरिये का उपयोग किया गया है, इसमें एक भी ईंट नहीं लगी है। कंक्रीट से बने होने के कारण इनमें सीलन की कोई समस्या नहीं आएगी और यह पूरी तरह सुरक्षित हैं। परिसर में सुंदर पार्क, पार्किंग, फायर सेफ्टी पाइपलाइन और अंडरग्राउंड वायरिंग की व्यवस्था की गई है। वेस्ट वॉटर (गंदे पानी) को रिसाइकिल करने के लिए आधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाया गया है।

उन्होंने कहा कि जब 1872 परिवार एक साथ इस हाईटेक सोसाइटी में रहेंगे, तो यह क्षेत्र विकास की नई मिसाल बनेगा। उन्होंने पास से ही गुजर रही रिंग रोड का जिक्र करते हुए कहा कि रिकॉर्ड समय में रिंग रोड और पीएम आवास का बनना सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति को दर्शाता है। वहां पर बागवाला झील के ग्राम प्रधान पति प्रमोद कुमार, भगवानपुर के प्रधान विनीत सोलंकी, मटकोटा धर्मपुर के प्रधान दीपक गोस्वामी, अजय वर्मा, अजीत सोलंकी, राजीव शुक्ला, कुलदीप चंद्र, राजेश तिवारी, सुनील सिंह, मयंक कक्कड़, डम्पी चोपड़ा और नीरज यादव सहित कई लोग मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement