


– 330 बेड वाले मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के साथ उत्तराखंड में पार्क ग्रुप ने दर्ज कराई रणनीतिक मौजूदगी
– उत्तर भारत के 6 राज्यों में फैला पार्क ग्रुप का नेटवर्क, 15 शहरों में विश्वस्तरीय इलाज उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। उत्तर भारत की अग्रणी अस्पताल श्रृंखला पार्क मेडी वर्ल्ड लिमिटेड ने रुद्रपुर में द मेडिसिटी अस्पताल के शुभारंभ की आधिकारिक घोषणा की है। 330 बेड की क्षमता वाला यह मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल कुमाऊँ क्षेत्र का सबसे बड़ा अस्पताल बन गया है। इसके साथ ही पार्क ग्रुप ने उत्तराखंड में अपनी रणनीतिक उपस्थिति दर्ज कराते हुए उत्तर भारत के छह राज्यों में अपने परिचालन का विस्तार कर लिया है। यहाँ देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों से जुड़े विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम तैनात की गई है, जो जटिल चिकित्सा मामलों का साक्ष्य-आधारित इलाज प्रदान करेगी।
अस्पताल में कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, ऑन्कोलॉजी (कैंसर), ऑर्थोपेडिक्स, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, क्रिटिकल केयर, नेफ्रोलॉजी, अंग प्रत्यारोपण, जीन थेरेपी, स्टेम-सेल थेरेपी तथा महिला एवं शिशु स्वास्थ्य सहित आधुनिक डायग्नोस्टिक और 24 × 7 आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध होंगी।
पार्क मेडी वर्ल्ड लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ. अंकित गुप्ता ने कहा कि द मेडिसिटी अस्पताल, रुद्रपुर का शुभारंभ पार्क अस्पताल की आक्रामक विस्तार रणनीति का हिस्सा है। इसके माध्यम से हमने पूरे कुमाऊँ क्षेत्र के लिए एक व्यापक स्वास्थ्य सेवा केंद्र स्थापित किया है। यह उपलब्धि तृतीयक एवं चतुर्थक चिकित्सा सेवाओं में उत्कृष्टता केंद्र विकसित करने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष परिणाम है।
वर्तमान में पार्क ग्रुप उत्तर भारत में 17 अस्पतालों का सफल संचालन कर रहा है और जिनकी कुल क्षमता लगभग 4,300 बेड है। वर्तमान में तीन अतिरिक्त अस्पतालों के एकीकरण और तीन मौजूदा इकाइयों के विस्तार प्रक्रिया से 1,300 नए बिस्तर जुड़ेंगे। मार्च 2028 तक समूह की कुल बेड क्षमता को 5,600 तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
वर्तमान में दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पानीपत, करनाल, सोनीपत, अंबाला, मोहाली, पटियाला, बठिंडा, बहरोड़, जयपुर, आगरा, पंचकूला और रुद्रपुर सहित 15 प्रमुख शहरों में मौजूदगी; गोरखपुर और रोहतक में ग्रुप के अस्पताल संचालित हैं।
—
उदघाटन के मौके पर पहुंचे बड़े सियासी चेहरे
अस्पताल के उद्घाटन कार्यक्रम में यूपी सरकार में मंत्री बलदेव औलख, किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़, रुद्रपुर महापौर विकास शर्मा, बीजेपी जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल पहुंचे। इसके अलावा पूर्व दर्जधारी सुरेश परिहार, बीजेपी जिला कोषाध्यक्ष रोशन अरोरा, मंत्री तरुण दत्ता, भारत भूषण चुग, वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री ममता हालदार सहित अनेक शामिल रहे।

