5,000 रूपये की रंजिश में दोस्त बना कातिल

Share News

– शराब पिलाई, फिर ईंट और रस्सी से उतारा मौत के घाट

– ट्रांजिट कैंप में युवक की सनसनीखेज हत्या का खुलासा

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप पुलिस ने शिवनगर में निर्माणाधीन मकान के पास मिले शव के रहस्य से पर्दा उठा दिया है। 5,000 रूपये की चोरी की रंजिश में हुई इस हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।

बीते 31 जुलाई को थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के शिवनगर स्थित एक निर्माणाधीन मकान के पास एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जिससे स्पष्ट हुआ कि युवक की मृत्यु गला दबाकर की गई हत्या के कारण हुई है।

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे 100 से भी अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों की मदद से मृतक की पहचान अनिल कुमार निवासी ठाकुर नगर, शिव मंदिर के पास, थाना ट्रांजिट कैंप, जिला उधम सिंह नगर के रूप में हुई। गहन जांच और गवाहों के बयानों से सामने आया कि घटना वाले दिन अनिल ने अपने तीन दोस्तों के साथ आजादनगर में शराब पी थी। इसके बाद दो दोस्त अपने घर चले गए, लेकिन उसका करीबी मित्र सुनील कुमार उर्फ इक्का एक पूर्व नियोजित षड्यंत्र के तहत अनिल को शिवनगर स्थित निर्माणाधीन मकान में ले गया। वहाँ उसने अनिल को और शराब पिलाई तथा फिर लकड़ी की फंटी व ईंट से हमला कर दिया। अंत में उसने मौके पर पड़ी रस्सी से गला दबाकर अनिल की हत्या कर दी।

पूछताछ में अभियुक्त सुनील कुमार ने स्वीकार किया कि उसे संदेह था कि अनिल ने उसके 5,000 रूपये चोरी कर लिए हैं। इसी रंजिश के चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रस्सी और ईंट का टुकड़ा बरामद कर लिया है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से रक्तरंजित नमूने और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिन्हें परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है।

 


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *