– बोले नेता—एससी समाज को हिंदू समाज से अलग करने का नैरेटिव सफल नहीं होगा
– भूत बंगला में सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना, बड़ी संख्या में एससी समाज के लोग हुए शामिल
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। सामाजिक सौहार्द और सामाजिक समरसता के मुद्दे पर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। भूत बंगला स्थित रामलीला मैदान में आयोजित ‘सामाजिक सौहार्द संकल्प धरने’ में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर समाज में विभाजन पैदा करने का आरोप लगाया। वक्ताओं ने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटने की कोशिश सफल नहीं होने दी जाएगी।
धरने में भाजपा के जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, एससी मोर्चा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में अनुसूचित जाति समाज के लोग शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने सामाजिक एकता, भाईचारे और समानता के समर्थन में नारे लगाए।
प्रदेश उपाध्यक्ष एससी मोर्चा संजीव कुंवर ने कहा कि भाजपा सामाजिक समरसता को केवल राजनीतिक नारा नहीं मानती, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान, अधिकार और समान अवसर देने के लिए काम कर रही है। कार्यक्रम संयोजक जितेंद्र गौतम ने कहा कि सभी वर्गों को साथ लेकर चलना ही मजबूत और विकसित राष्ट्र की नींव है।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एससी मोर्चा राजेश कुमार ने कहा कि भाजपा ने दलित समाज को सम्मान के साथ राजनीतिक भागीदारी देने का काम किया है। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं का हवाला देते हुए कहा कि वंचित वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
सफाई आयोग सदस्य नितिन चरण ने सफाई कर्मचारी समाज की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार उनके हितों के लिए लगातार कदम उठा रही है। वहीं अंकित हडाले ने जाति और धर्म के नाम पर वैमनस्य फैलाने वाली राजनीति का विरोध करने की अपील की।
महापौर विकास शर्मा ने कांग्रेस पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने डॉ. भीमराव आंबेडकर का राजनीतिक विरोध किया और अब एससी समाज को हिंदू समाज से अलग करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज को बांटने वाला यह नैरेटिव उत्तराखंड में सफल नहीं होगा। “हम सब एक हैं और समाज को बांटने की कोशिश का जवाब सामाजिक एकता से दिया जाएगा।”
भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने भी कांग्रेस पर राजनीतिक लाभ के लिए भ्रम और विभाजन पैदा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सामाजिक सौहार्द और समरसता को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।
रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़े, गरीब और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन समाज में वैमनस्य और विभाजन पैदा करने वाली राजनीति स्वीकार नहीं की जा सकती।
धरने के अंत में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया।




