28 सितंबर को रुद्रपुर में होगा जनसंवाद
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। उत्तराखंड में कांग्रेस से जुड़े सामाजिक, जनसंगठनों, आंदोलनों, नागरिक समूहों और बौद्धिक संगठनों के बीच संवाद बढ़ाने के लिए रचनात्मक कांग्रेस 28 सितंबर को रुद्रपुर में जनसंवाद सम्मेलन आयोजित करेगी। सम्मेलन में करीब 200 प्रतिनिधियों के शामिल होने का दावा किया गया है।
रचनात्मक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भुवन पाठक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि संविधान और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले संगठनों को मौजूदा परिस्थितियों में साझा मंच पर आना होगा। उन्होंने कहा कि रचनात्मक कांग्रेस सामाजिक न्याय, सद्भाव, सत्य और अहिंसा के लिए काम करने वाले संगठनों से संवाद स्थापित करेगी। कुमाऊं सम्मेलन के जरिए पहाड़ और तराई के मुद्दों को एक मंच पर लाने की कोशिश की जा रही है।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि रचनात्मक कांग्रेस और मुख्य कांग्रेस के बीच पुल का काम करेगी और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मजबूत करने में भूमिका निभाएगी।
सूचना अधिकार कार्यकर्ता ओंकार ढिल्लों ने कहा कि तराई के किसानों, जमीनों और शहरी समस्याओं को सम्मेलन में प्रमुखता से उठाया जाएगा। प्रभात पाल ने कहा कि भूमि आंदोलनों और वन ग्रामों से जुड़े संघर्षों को कांग्रेस के जन घोषणा पत्र में शामिल कराने के लिए प्रयास किया जाएगा।
28 सितंबर के सम्मेलन के पहले सत्र में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि अपने अनुभव साझा करेंगे। दूसरे सत्र में जन घोषणा पत्र के मसौदे पर चर्चा होगी। अंतिम सत्र में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे और सम्मेलन का प्रस्ताव पत्र पारित किया जाएगा। सम्मेलन में रचनात्मक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप दीक्षित के भी शामिल होने की जानकारी दी गई है।




