


नौ पुलिसकर्मी ऑन द स्पॉट सस्पेंड, चार से मांगा गया स्पष्टीकरण
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रूद्रपुर। एसएसपी अजय गणपति ने आधी रात को पुलिस महकमे में वो हड़कंप मचाया कि पूरी रात वायरलेस गूंजता रहा। फायरिंग की सूचना के बाद नाकेबंदी का सच परखने के लिए एसएसपी खुद बिना किसी सरकारी लवाजमे के, अपनी प्राइवेट कार से हाईवे पर निकल पड़े। नतीजा ड्यूटी से नदारद और गलत लोकेशन बताने वाले 9 पुलिसकर्मियों को ऑन द स्पॉट सस्पेंड कर दिया गया, जबकि 4 अधिकारियों/कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
दरअसल चार अगस्त की रात पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि पंतनगर क्षेत्र के पास एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो सवार युवकों ने एक व्यक्ति पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी है और गाड़ी काशीपुर की ओर तेजी से भागी है। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम ने पंतनगर से लेकर रुद्रपुर और जसपुर बॉर्डर तक हाईवे पर तुरंत सघन चेकिंग और नाकाबंदी के आदेश जारी किए।
आदेश जारी करने के बाद एसएसपी अजय गणपति ने किसी मातहत पर भरोसा करने के बजाय खुद हकीकत जानने का फैसला किया। करीब रात 12 बजे वह अपनी निजी गाड़ी से खुद ड्राइव करते हुए हाईवे पर चेकिंग प्वाइंट्स का औचक निरीक्षण करने निकल गए। जब कप्तान हाईवे पर महतोष, सरकड़ी तिराहा, दोराहा और परमानन्दपुर पहुंचे, तो नजारा चौंकाने वाला था। चेकिंग प्वाइंट्स पर तैनात रात्रि अधिकारी, चीता मोबाइल और गश्त पार्टियां ड्यूटी से गायब थीं! इतना ही नहीं, जब कंट्रोल रूम से लोकेशन पूछी गई तो कई पुलिसकर्मियों ने गुमराह करते हुए फर्जी लोकेशन बताई, जबकि वे मौके पर थे ही नहीं।
ड्यूटी में घोर लापरवाही, झूठी लोकेशन देने और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना को एसएसपी अजय गणपति ने बेहद गंभीरता से लिया। उन्होंने बिना कोई मौका दिए ऑन द स्पॉट 09 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और 04 अन्य पुलिसकर्मियों से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण तलब किया है। इस कार्रवाई से पूरे महकमे में हड़कंप मच गया है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या आदेशों की अवहेलना किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। आम जनता की सुरक्षा, अपराधियों पर कड़ा प्रहार और कानून-व्यवस्था कायम रखना हमारी पहली प्राथमिकता है। जो काम नहीं करेगा, वो वर्दी में नहीं रहेगा।”

