


आधुनिक तकनीक से खोला हृदय का गंभीर अवरोध
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। द मेडिसिटी अस्पताल के हृदय रोग विभाग ने एक बार फिर चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी कुशलता का लोहा मनवाया है। अस्पताल के अनुभवी हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक सकवारिया और उनकी टीम ने खटीमा निवासी 72 वर्षीय वृद्ध की जटिल एंजियोप्लास्टी कर उन्हें नया जीवन प्रदान किया है।
खटीमा निवासी दान सिंह पंवार को लगातार सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के साथ अस्पताल लाया गया था। वे उच्च रक्तचाप से भी पीड़ित थे। अस्पताल में हुई जांच और हृदय की धमनियों के परीक्षण में सामने आया कि मरीज की तीनों मुख्य धमनियों में गंभीर बीमारी है। धमनियों में कैल्शियम जमा होने के कारण अवरोध (ब्लॉकेज) काफी सख्त और गंभीर हो चुका था। मरीज की अधिक उम्र और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉ. सकवारिया ने अत्याधुनिक तकनीक ‘इंट्रावास्कुलर लिथोट्रिप्सी’ (धमनियों के भीतर शॉक तरंगों से कैल्शियम को तोड़ने की विधि) और ‘इंट्रावास्कुलर अल्ट्रासाउंड’ (धमनी के अंदर की सूक्ष्म जांच) का सहारा लिया। इस विशेष प्रक्रिया के माध्यम से दाहिनी धमनी में सफलतापूर्वक तीन छल्ले (स्टेंट) डाले गए।
उपचार के बाद मरीज के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हुआ और उन्हें स्थिर स्थिति में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। डॉ. अभिषेक सकवारिया ने बताया, मरीज की उम्र के कारण यह मामला चुनौतीपूर्ण था। कैल्शियम जमा होने के कारण धमनियां काफी सख्त हो गई थीं, जिन्हें नई तकनीक के जरिए सुरक्षित तरीके से खोलना संभव हो पाया। अब रुद्रपुर जैसे शहरों में भी विश्वस्तरीय हृदय उपचार उपलब्ध है।
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि द मेडिसिटी अस्पताल में अब हृदय की जटिल बीमारियों के लिए आधुनिक मशीनों और विशेषज्ञों की टीम मौजूद है। इससे अब स्थानीय मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर नहीं भागना पड़ेगा। अस्पताल प्रबंधन ने इस सफल उपचार के लिए पूरी मेडिकल टीम को बधाई दी है।

