


– महापौर विकास शर्मा ने क्षत्रिय समाज को दीं 3 बड़ी सौगातें
– रुद्रपुर में कौमी एकता और स्वाभिमान का सम्मान
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रूद्रपुर। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की वर्षों पुरानी मांगों पर सकारात्मक फैसला लेते हुए महापौर विकास शर्मा ने क्षत्रिय समाज को कई महत्वपूर्ण सौगातें दी हैं। महापौर ने नवनिर्मित रिंग रोड का नाम राष्ट्रनायक महाराणा प्रताप के नाम पर रखने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने, गंगापुर रोड स्थित दक्ष चौक का नाम बदलकर महाराणा प्रताप चौक करने तथा समाज के लिए एक आधुनिक सामुदायिक भवन (कम्युनिटी हॉल) के निर्माण की घोषणा की है।
बृहस्पतिवार को महासभा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौहान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने महापौर विकास शर्मा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा था। प्रतिनिधियों ने ध्यान दिलाया कि नगर में अन्य कई समाजों के लिए सामुदायिक भवन उपलब्ध हैं, लेकिन क्षत्रिय समाज के पास सामाजिक, सांस्कृतिक व शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन के लिए कोई समर्पित भवन नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने नगर के प्रमुख मार्गों व चौराहों का नामकरण देश के वीर महापुरुषों के नाम पर करने की मांग की।
लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए महापौर विकास शर्मा ने नवनिर्मित रिंग रोड का नाम महाराणा प्रताप के नाम पर रखने का प्रस्ताव शीघ्र मुख्यमंत्री को भेजने की बात कही।
उन्होंने गंगापुर रोड स्थित दक्ष चौक का नाम बदलकर महाराणा प्रताप चौक करने और पंजाबी, बंगाली, पूर्वांचल और ब्राह्मण समाज की तर्ज पर क्षत्रिय समाज के लिए भी उपयुक्त भूमि चिन्हित कर आधुनिक क्षत्रिय भवन (कम्युनिटी हॉल) का निर्माण कराने की घोषणा की।
महापौर ने कहा कि कौमी एकता और सामाजिक समरसता की मिसाल है। क्षत्रिय समाज का देश की रक्षा, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण में ऐतिहासिक योगदान रहा है। नगर निगम सभी समाजों को साथ लेकर समान भावना से विकास के पथ पर अग्रसर है और किसी भी समाज के सम्मान से समझौता नहीं किया जाएगा।
महापौर की इन घोषणाओं पर प्रतिनिधिमंडल ने उनका आभार जताया। बैठक के दौरान अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौहान, जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह जादौन, रघुराज सिंह, दिलीप सिंह सहित समाज के कई पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।

