


– पॉक्सो कोर्ट ने दोषी को सुनाया सख्त फैसला
– दुकान पर गया था पिता, पीछे से मासूम को उठा ले गया।था दरिंदा
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
खटीमा। उधमसिंह नगर में 7 साल की मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी करने वाले दरिंदे को अदालत ने उसके किए की कड़ी सजा दी है। विशेष पॉक्सो न्यायाधीश संगीता आर्य की अदालत ने दोषी रविंद्र कुमार को 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है।
यह मामला वर्ष 2021 का है। 13 अक्टूबर 2021 की शाम खटीमा कोतवाली क्षेत्र में एक पिता अपनी 7 साल की बच्ची को सड़क किनारे खड़ा कर दुकान से सामान लेने गया था। इसी दौरान मौका पाकर आरोपी बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। जब पिता दुकान से लौटा तो बेटी गायब थी। घर पर भी जब बच्ची नहीं मिली तो परिजनों ने बदहवास होकर तलाश शुरू की। तलाश के दौरान ही पेट्रोल पंप के पास स्थित झाड़ियों से अचानक मासूम बच्ची के चीखने की आवाज आई।
परिजनों और स्थानीय लोगों ने मौके पर जाकर देखा तो पीलीभीत निवासी रविंद्र कुमार मासूम के साथ हैवानियत कर रहा था। लोगों ने आरोपी को मौके पर ही धर दबोचा और जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत में छह गवाहों की गवाही हुई। दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं की तीखी बहस और पेश किए गए सबूतों के आधार पर विशेष पॉक्सो न्यायाधीश ने आरोपी को दोषी पाया। कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए दोषी रविंद्र को 20 साल की सश्रम कारावास की सजा सुनाई।

