


प्रेमी पर बंधक बनाकर पीटने का आरोप, मुकदमा दर्ज
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। उत्तराखंड के रुद्रपुर से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर अपनी पहली शादी की बात छिपाकर दूसरी शादी करने, मृत पति की पेंशन डकारने का आरोप लगा हैं यही नहीं दूसरे पति को धोखा देकर महिला लाखों के जेवर व नकदी समेत अपने आपराधिक प्रवृत्ति के प्रेमी के साथ फरार हो गई।पुलिस ने अदालत के आदेश पर महिला और उसके प्रेमी पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पेशे के जूस विक्रेता डॉक्टर कॉलोनी सिविल लाइंस निवासी कावेंद्र में अदालत में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 27 दिसंबर 2015 को उसने राजकुमारी नाम की युवती से बिना दान-दहेज के धार्मिक स्थल में शादी की थी। 2017 में उन्हें एक पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई। कावेंद्र कड़ी मेहनत कर अपना परिवार पाल रहा था और उसने पाई-पाई जोड़कर मटकोटा में पीएम आवास योजना के तहत एक मकान भी खरीदा था।
पीड़ित का आरोप है कि कुछ समय बाद उसे पता चला कि राजकुमारी पहले से शादीशुदा थी और उसने यह बात उससे छिपाई थी। इतना ही नहीं, वह अपने मृत पहले पति रामेश्वर लाल की पेंशन का लाभ भी अवैध रूप से उठाती रही। पारिवारिक कलह न हो, इसलिए वह चुप रहा।
इसी बीच, उनके घर के सामने वाले कमरे में रानीखेत निवासी पंकज अधिकारी नामक युवक रहने आया। आरोप है कि पंकज आपराधिक प्रवृत्ति का है और जेल भी जा चुका है। राजकुमारी की नजदीकियां पंकज से बढ़ने लगीं, जिसका उसने विरोध किया था।
पीड़ित कावेंद्र का आरोप है कि 13 अक्टूबर 2025 को जब वह घर लौटा, तो पत्नी घर से गायब थी। वह अपने साथ एक लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के कीमती आभूषण और उनके बेटे को भी ले गई थी। जब कावेंद्र ने पत्नी के रिश्तेदारों से संपर्क किया, तो उन्होंने भी अभद्र व्यवहार किया।
उसने आरोप यह भी लगाया है कि पत्नी ने अपने प्रेमी पंकज के साथ मिलकर उसे बंधक बनाया और बेरहमी से पीटा। इस दौरान उन्होंने जबरन उसकी प्रॉपर्टी के कागजात पर हस्ताक्षर भी करवा लिए। पीड़ित का कहना है कि जब पुलिस ने उसकी गुहार नहीं सुनी, तो उसे अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा।
अदालत के आदेश पर पुलिस ने राजकुमारी, उसके प्रेमी पंकज अधिकारी और अन्य सहयोगियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।।

